Snapdeal की Flipkart से नहीं हो पाई डील, ठुकराया 5500 करोड़ रुपए का ऑफर

जानी मानी ई-कॉमर्स कंपनी स्नैपडील के बोर्ड ने फ्लिपकार्ट की ओर से दिए गए 80 से 85 करोड़ डॉलर (करीब 5,500 करोड़ रुपए) के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। इस मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के मुताबिक फ्लिपकार्ट ने आकलन रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद ही स्नैपडील के सामने 80-85 करोड़ डॉलर का ऑफर रखा था। हालांकि इस ऑफर को स्नैपडील के बोर्ड की ओर से ठुकरा दिया गया क्योंकि उसका मानना है कि आकलन रिपोर्ट को देखते हुए यह राशि बहुत कम है।
वहीं सूत्रों ने यह भी बताया कि अभी पहला ऑफर ठुकराया गया है, लेकिन बातचीत अभी जारी है। हालांकि संपर्क करने पर स्नैपडील, सॉफ्टबैंक और फ्लिपकार्ट ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। जानकारी के लिए बता दें कि स्नैपडील में सबसे बड़े निवेशकों में से एक सॉफ्टबैंक पिछले कुछ महीने से इस बिक्री सौदे के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। आपको बता दें कि स्नैपडील के बोर्ड में इसके संस्थापक कुणाल बहल और रोहित बंसल, एनवीपी और कलारी कैपिटल के प्रतिनिधि भी शामिल हैं।
स्नैपडील को हो रहा है भारी नुकसान:
अमेजन और फ्लिपकार्ट से मिल रही कड़ी प्रतिस्पर्धा की वजह से स्नैपडील को भारी नुकसान हो रहा है। फरवरी 2016 के मुताबिक वैल्यूएशन के आधार पर तुलना की जाए तो फ्लिपकार्ट की वैल्यू 6.5 अरब डॉलर और स्नैपडील की वैल्यू 1 अरब डॉलर थी। सॉफ्टबैंक पहले ही स्नैपडील में अपने निवेश की वैल्यू 1 अरब डॉलर घटा चुका है।