NDA सरकार में जम्‍मू-कश्‍मीर में घुसपैठ में आई कमी, इस साल 92 आतंकी किए गए ढेर

म्‍मू-कश्‍मीर में आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों के आक्रामक रुख का असर दिखना शुरू हो गया है। इस साल 2 जुलाई तक 92 आतंकियों को ढेर किया जा चुका है। जबकि पिछले साल इस दौरान यह आंकड़ा 79 था। यहां तक कि इस साल मारे गए आतंकियों की संख्‍या ने 2012 और 2013 के आंकड़ों को भी पीछे छोड़ दिया है, जब यूपीए सरकार का राज था।
2012 और 2013 में जम्‍मू-कश्‍मीर में मारे गए आतंकियों की संख्‍या क्रमश: 72 और 67 थी। मगर एनडीए सरकार के दौरान इन आंकड़ों में वृद्धि देखने को मिली है। 2014 में मारे गए आतंकियों की संख्‍या 110, 2015 में 108 और 2016 में 150 थी।
टाइम्‍स ऑफ इंडिया के अनुसार, गृह मंत्रालय के एक वरिष्‍ठ अधिकारी ने कहा कि इस साल दो जुलाई तक ढेर किए गए आतंकियों की संख्‍या 2014 और 2015 की तुलना में थोड़ी ही कम है। यह सफलता सेना, केंद्रीय बलों, राज्‍य सरकार और खुफिया एजेंसियों के बीच समन्‍वय से मिली है।
घुसपैठ के आंकड़ों में भी गिरावट देखने को मिली है। इस साल मई के अंत तक घुसपैठ के 124 मामले रिकॉर्ड किए गए हैं, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 371 था।