ई-कॉमर्स वेबसाइट पर नहीं दिखा जीएसटी का असर, अब भी कंपनियां दे रही हैं 80 फीसद डिस्काउंट
जीएसटी के लागू होने से पहले तमाम प्लेटफॉर्म और श्रेणियों में ऑनलाइन सेल्स की बिक्री में तेज इजाफा देखने को मिला था। मगर 1 जुलाई के बाद इसमें कुछ कमी देखने को मिली, हालांकि इन सब के बावजूद अभी भी कुछ ई-कॉमर्स साइट हैं जिन्होंने सेल्स पर डिस्काउंट देना जारी रखा है।
जैसे कि कुछ उत्पादों की कीमतें इस महीने बढ़ने की उम्मीद है, वहीं फ्लिपकार्ट, अमेजन इंडिया और पेटीएम मॉल जैसी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर काम करने वाले विक्रेता हार्डवेयर, लार्ज एप्लाइंस और फर्नीचर जैसे सामानों की बढ़ती मांग को देखते हुए इनकी उपलब्धता को सुनिश्चित करने की कोशिश में लगे हुए हैं। सबसे अहम बात यह है कि जो सेलर जीएसटी के अंतर्गत नहीं आते हैं उन्हें ऐसे प्लेटफॉर्म से धीरे धीरे हटाया जा रहा है, लेकिन इससे पहले वो अपने पास पड़े स्टॉक को बेच देना चाहते हैं इसीलिए ये सेल लगी है।
फैशन के लिहाज से जो लोग इन प्लेटफॉर्म्स पर लेन-देन करते हैं उनके लिए अभी भी यह पसंदीदा प्लेटफॉर्म है।
फ्लिपकार्ट: इसने हाल ही में महिलाओं और पुरुषों के लिए अपने प्राइवेट लेबल देवस्त्री और मेट्रोनॉट को लॉन्च किया है, वहां पर अभी भी फैशन प्रोडक्ट्स पर 70 फीसद का डिस्काउंट दिया जा रहा है। इसमें बैग और घड़ियां भी शामिल हैं। वहीं अमेजन इंडिया भी एडीडास, लेवाइस और यूसीबी समेत तमाम ब्रैंड पर इसी तरह के ऑफर की पेशकश कर रहा है।
शॉपक्लूज के सीनियर वीपी (प्रोडक्ट) उत्कर्ष बिरादर ने बताया, “जब से ये विक्रेता देशभर के ग्राहकों तक अपनी पहुंच बनाने में सक्षम हुए हैं, इन बाजारों में बिक्री के मामले में एक महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है।” यहां पर भी स्पोर्ट्स वियर 80 फीसद की कटौती के साथ बेचे जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, “हमने जीएसटी के बाद भी ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम में वस्तुओं की बिक्री पर टैक्स की दरों में कोई खास अंतर नहीं देखा है।”
